बराकर में ‘नकली भाजपाइयों’ की गुंडागर्दी पर विधायक अजय पोद्दार सख्त, खुद खुलवाए विपक्षी दलों के कार्यालयों के ताले
बराकर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की खबरों के बीच बराकर में एक बेहद निंदनीय घटना सामने आई। यहाँ कुछ उपद्रवियों ने भाजपा का झंडा हाथों में लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में तोड़फोड़ की और जबरन अपना झंडा लगा दिया। हालांकि, भाजपा नेतृत्व ने साफ किया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले ‘असली’ कार्यकर्ता नहीं बल्कि ‘नकली भाजपाई’ और बाहरी तत्व थे।
विधायक ने खुद की पहल, विपक्ष को सौंपे कार्यालय
घटना की जानकारी मिलते ही और पार्टी के उच्च नेतृत्व के निर्देशानुसार, कुल्टी से भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार बुधवार को सक्रिय हुए। उन्होंने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए बराकर बस स्टैंड स्थित माकपा (CPIM) कार्यालय का ताला खुद खुलवाया और उसे पार्टी कार्यकर्ताओं के सुपुर्द किया। इसके साथ ही, फॉरवर्ड ब्लॉक के कार्यालय का ताला खोलकर उसे चुनाव में प्रत्याशी रहे भवानी आचार्य को सौंपा।
अति उत्साह में ‘नकली भाजपाइयों’ ने बिगाड़ा माहौल: डॉ. अजय पोद्दार
मीडिया से बात करते हुए विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत की खबर के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह था। इसी का फायदा उठाकर कुछ बाहरी लोगों और ‘नकली भाजपाइयों’ ने भाजपा का झंडा थामकर और भेस बदलकर इस तरह की अप्रिय घटनाओं को अंजाम दिया है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इस तरह की हिंसा और तोड़फोड़ की घोर निंदा करती है। विधायक ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “हमने साफ कर दिया है कि अपराधी प्रवृत्ति और डर-भय का माहौल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बंगाल में लोकतंत्र की बहाली हमारी प्राथमिकता है और ऐसी हरकतों में शामिल लोगों के खिलाफ पार्टी सख्त है।”
इस पहल के बाद स्थानीय प्रशासन और अन्य राजनीतिक दलों ने विधायक के इस कदम की सराहना की है, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को शांत करने में मदद मिली है।










