Dastak Jo Pahunchey Har Ghar Tak

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email

*आसनसोल मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न*

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email
ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

प्रेस विज्ञप्ति संख्या: ER/ASN/2026/05/54

*आसनसोल मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न*

*राजभाषा लक्ष्यों की प्राप्ति एवं हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर विशेष बल*

आसनसोल, 29 मई 2026:

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री संग्रह मौर्य की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं हिंदी में कार्य निष्पादन को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रवीण कुमार प्रेम ने कहा कि हिंदी प्रवीण एवं प्राज्ञ परीक्षाओं में सफल कर्मचारियों से अपेक्षा है कि वे अपने दैनिक कार्यालयी कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करें, जिससे राजभाषा नीति के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री संग्रह मौर्य तथा अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रवीण कुमार प्रेम ने हिंदी प्रवीण एवं प्राज्ञ परीक्षाओं में सफल 47 कर्मचारियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री संग्रह मौर्य ने कहा कि राजभाषा संबंधी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आधुनिक डिजिटल तकनीकों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित संसाधनों, जैसे अनुवाद एवं वॉयस टाइपिंग सुविधाओं के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इनके माध्यम से हिंदी में कार्य निष्पादन को अधिक सरल, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके बच्चों में हिंदी के प्रति रुचि, साहित्यिक अभिरुचि एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आसनसोल मंडल स्तर पर चार पृष्ठीय मासिक हिंदी पत्रिका के प्रकाशन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को नई गति प्रदान करेगी तथा कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा अभिव्यक्त करने का अवसर उपलब्ध कराएगी।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा राजभाषा कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, हिंदी में कार्यालयी कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।