*“विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026 के अंतर्गत आद्रा मंडल में विविध जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित”*
दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
“विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026 के अंतर्गत आद्रा मंडल में विविध जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित”
आद्रा, दिनांक : 03.06.2026
“विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के अंतर्गत दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में दिनांक 03.06.2026 को कार्मिक विभाग द्वारा आद्रा रेलवे स्टेशन पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सहयोग से एक व्यापक जन-सहभागिता अभियान (Citizen Engagement Drive) आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से यात्रियों एवं आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा “मिशन लाइफ (LiFE)” के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, एस.ई.आर. एम.एच.एस. विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग से ऊर्जा एवं जल संरक्षण विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में ऊर्जा एवं जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, संरक्षण की आवश्यकता तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत महुदा तथा बर्नपुर हेल्थ यूनिट में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि एवं स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंप हाउस परिसर में जलाशय (Water Body) सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया।
साथ ही, “मिशन लाइफ (LiFE)” की थीम के अंतर्गत आद्रा रेलवे स्टेशन पर “Say No to Single Use Plastic” अभियान चलाया गया। इस अवसर पर यात्रियों एवं आम नागरिकों के बीच कागज, जूट एवं कपड़े के थैलों का वितरण किया गया तथा उन्हें प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में पुरुलिया रेलवे कॉलोनी में प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण (Plastic Waste Collection) अभियान आयोजित किया गया। स्थानीय निवासियों के बीच कागज एवं कपड़े के थैलों का वितरण कर उन्हें सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया।
साथ ही, अनारा हेल्थ यूनिट द्वारा “प्लास्टिक मुक्त कॉलोनी अभियान” के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों को बताया गया कि प्लास्टिक एक अजैव अपघटनीय (Non-Biodegradable) पदार्थ है, जो पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्हें पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया गया। रेलकर्मियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
आद्रा मंडल द्वारा “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026” के अंतर्गत भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाता रहेगा।










