कुल्टी और आसनसोल उत्तर में भाजपा का संगठनात्मक विस्तार: युवा नेता को मिली सचिव की कमान, कार्यकर्ताओं में जश्न
कुल्टी:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांगठनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कुल्टी और आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र की कमान एक ऊर्जावान युवा चेहरा केसव पोद्दार को सौंपी है। क्षेत्र में ‘चाणक्य’ के नाम से लोकप्रिय भाजपा के इस कद्दावर युवा नेता केसव पोद्दार को पार्टी का नया सचिव नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद से ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस नई जिम्मेदारी की खुशी में युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बराकर हनुमान चढ़ाई स्थित भाजपा कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साही कार्यकर्ताओं ने अपने इस युवा आइकॉन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी तस्वीर का एक आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि नवनियुक्त सचिव केसव पोद्दार का विजन, समाज सेवा के प्रति समर्पण और उनकी कार्यशैली हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी इस नई संगठनात्मक भूमिका को पार्टी विस्तार के सफर में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। इस युवा और ऊर्जावान नेतृत्व के आने से दोनों क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर पार्टी को भारी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सम्मान समारोह में उपस्थित सभी शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं ने नए सचिव केसव पोद्दार को बधाई दी। साथ ही उनके सफल कार्यकाल और समाज सेवा के कार्यों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं।










