मैथन डैम के तट पर गूंजा ‘योग से निरोग’ का मंत्र, 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने लिया फिटनेस का संकल्प
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ADPC की महा-तैयारी, पुलिस कमिश्नर बोले— ड्यूटी के तनाव को दूर भगाएगा योग
कुल्टी/मैथन:12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) ने गुरुवार को मैथन डैम के मनोरम तट पर एक विशाल और अभूतपूर्व योग शिविर का आयोजन किया। सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित इस मेगा शिविर में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने एक साथ चटाई बिछाई और सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।शिविर में मुख्य रूप से मौजूद पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार समेत कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद योगाभ्यास कर बल का हौसला बढ़ाया और समाज को स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया।कमिश्नरेट में होंगे दो बड़े आयोजनपुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल कमिश्नरेट की ओर से दो भव्य योग शिविरों की रूपरेखा तैयार की गई है। पहला सफल आयोजन मैथन डैम पर संपन्न हुआ, जबकि दूसरा बड़ा शिविर दुर्गापुर में आयोजित किया जा रहा है।तनाव प्रबंधन के लिए योग बेहद जरूरीडॉ. कुमार ने पुलिस बल के लिए योग की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “24 घंटे की कठिन ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और तनाव प्रबंधन (स्ट्रैस मैनेजमेंट) को बेहतर बनाए रखने के लिए योग एक अचूक औषधि है। जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस बल का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अनिवार्य है, इसलिए हर कर्मी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”कोलकाता में मुख्य कार्यक्रम, पीएम के आने की संभावनागौरतलब है कि 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पूरे पश्चिम बंगाल में भारी उत्साह है। राज्य भर में विभिन्न संगठनों और प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रमों की धूम है। इस वर्ष का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की प्रबल संभावना है।मैथन डैम पर आयोजित इस भव्य शिविर का समापन बेहद ऊर्जावान माहौल में हुआ, जहां उपस्थित सभी 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने हर दिन योग करने और एक अनुशासित व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।










