सीतारामपुर में 63 लाख की लागत से बने भव्य सामुदायिक भवन का उद्घाटन, सामाजिक कार्यों के लिए जनता को समर्पित
पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने काटा फीता
शादी-ब्याह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए लोग मुफ्त में कर सकेंगे इस्तेमाल
भवन के रखरखाव के लिए स्थानीय ग्रामीणों को मिलाकर बनाई जाएगी कमेटी
कुल्टी। पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग (PWD) और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 18 के अंतर्गत सीतारामपुर चपका हटिया के पास एक नवनिर्मित भव्य सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। मंत्री ने विधिवत रूप से शिलान्यास पट्टिका का अनावरण और फीता काटकर भवन को जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अमित तुलस्यान समेत कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।देखरेख सबसे महत्वपूर्ण कार्य: मंत्रीउद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि आज सीतारामपुर को एक बेहतरीन सामुदायिक भवन की सौगात मिली है। इस भवन में स्थानीय लोग शादी-ब्याह से लेकर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम बिल्कुल मुफ्त में कर सकेंगे। उन्होंने रखरखाव पर जोर देते हुए कहा, “एक भवन का निर्माण करने से ज्यादा जरूरी और महत्वपूर्ण उसकी देखरेख करना होता है। इसके मेंटेनेंस की व्यवस्था बेहद जरूरी है।” मंत्री ने बताया कि इस आधुनिक भवन का निर्माण 63 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जिसे आज से ही सामाजिक कार्यों के लिए समाज को सौंप दिया गया है। उपस्थित लोगों और पार्षदों ने मात्र 63 लाख में इतने शानदार भवन के निर्माण के लिए कार्य की जमकर सराहना की।ग्रामीणों की कमेटी करेगी भवन की सुरक्षा: अमित तुलस्यानमौके पर मौजूद स्थानीय पार्षद अमित तुलस्यान ने मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भवन निर्माण का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका था और आज मंत्री जी के हाथों इसका उद्घाटन कराकर इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए खोल दिया गया है। भवन की सुरक्षा और देखरेख को लेकर उन्होंने घोषणा की कि पास के गांव के लोगों को शामिल करके जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जो इस सामुदायिक भवन के मेंटेनेंस और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी संभालेगी।हरि बोल मंदिर में टेका माथासामुदायिक भवन के उद्घाटन के बाद मंत्री डॉ. पोद्दार पास में ही स्थित हरि बोल मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।ये रहे उपस्थितइस गरिमामयी कार्यक्रम में सुभाष टिबरीवाल, विवेकानंद भट्टाचार्य, सुनील भार, टिंकू वर्मा, परेश घोष, विनोद सिंह सोलंकी, निर्मल मधेशिया, बापा मंडल, सोमनाथ मांझी, सतजीत दास, डॉ. इबरार अहमद सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और वार्डवासी उपस्थित रहे।










