बिजली तार चोरी से भड़का गुस्सा, तीन युवकों को चोरी के शक में पकड़कर लोगों ने की जमकर पिटाई
आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के माहीशिला खुदीराम पार्क की घटना, पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
आसनसोल, पश्चिम बंगाल आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के माहीशिला खुदीराम पार्क इलाके में लगातार हो रही बिजली के तार चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। इसी बीच चोरी के शक में इलाके के लोगों ने तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से तीनों युवकों को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई, जहां तीनों से मामले में पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले काफी समय से इलाके में बिजली के तारों की लगातार चोरी हो रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हिरासत में लिए गए युवकों का चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, भीड़ द्वारा की गई मारपीट के पहलू की भी जांच की जा रही है।










