अंडाल में बारिश और तेज हवाओं का कहर, दिनमजदूर का मिट्टी का घर भरभराकर गिरा
अंडाल: लगातार हो रही तेज बारिश और तेज हवाओं के बीच अंडाल के सिंदुली स्थित माहातोपाड़ा इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज हवाओं का दबाव सहन नहीं कर पाने के कारण दिनमजदूर बाबलू सरदार का कच्चा मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया।
हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से सभी बाल-बाल बच गए। हालांकि, घर के मलबे में परिवार का जरूरी सामान दबकर बर्बाद हो गया। बताया जा रहा है कि चावल, दाल, कपड़े समेत घर में रखा अन्य सामान भी मलबे के नीचे दब गया।
घर टूट जाने के बाद बीमार मां, पत्नी और छोटे बच्चे के साथ बाबलू सरदार के परिवार को फिलहाल स्थानीय क्लब में शरण लेनी पड़ी है। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह परिवार का गुजारा चल रहा है।
अपना आशियाना उजड़ने के बाद बाबलू सरदार ने प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि सरकार उनके परिवार के लिए एक पक्का घर उपलब्ध कराए, ताकि वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन बिता सकें।
एक ओर खनन क्षेत्र में जमीन धंसने का खतरा और दूसरी ओर लगातार बारिश व प्राकृतिक आपदा—इन परिस्थितियों के बीच इस गरीब परिवार के सामने अब सिर छिपाने तक का संकट खड़ा हो गया है।










