*समाजसेवी अहमद सईद हर्फ़ को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रेषित किया शुभकामना पत्र*
संवाददाता
फतेहपुर, बाराबंकी। किसी व्यक्ति द्वारा निःस्वार्थ भाव से की गई सेवाओं को समाज सदैव याद रखता है और उस व्यक्ति की सराहना भी बहुत से लोग करते हैं। मोहल्ला काजीपुर कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी के निवासी अहमद सईद हर्फ़ की सेवाओं की चर्चा अकसर होती रहती हैं। शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में अहमद सईद की सेवाओं की खूब सराहना होती है लेकिन पिछले कई वर्षों से अहमद सईद द्वारा सामाजिक एवं धार्मिक सेवाएँ भी निःस्वार्थ भाव से की जा रही हैं। इनकी इन सेवाओं से प्रत्येक धर्म, वर्ग, जाति के लोग इनकी सराहना व सम्मान करते हैं।

अहमद जी कई सामाजिक संस्था जैसे अहमद एजुकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी, हमारी तहज़ीब हमारी संस्कृति, मोमिन अंसार सभा, अंजुमन मुस्लिम आना फण्ड, बैकवर्ड मुस्लिम बुनकर सोसायटी, बज़्मे-तहफ़्फ़ुज़-ए-उर्दू, प्रेस क्लब फतेहपुर आदि में पदाधिकारी हैं और अपने पद की गरिमा का ख़याल रखते हुए अपने कर्तव्यों और ज़िम्मेदारियों का निर्वाहन पूरी लगन एवं ईमानदारी के साथ करते हैं। अपना जीवन बड़ी सादगी और विनम्रता के साथ व्यतीत करते हैं। यही वजह है कि प्रत्येक धर्म, वर्ग, समुदाय के लोग इन्हें सम्मान देते हैं। वर्तमान समय में अहमद जी हाईकोर्ट लखनऊ में वकालत भी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वरा समाजसेवी अहमद सईद हर्फ़ को प्रेषित पत्र में उनके समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए मंगलकामना की गई है। 2 अक्टूबर 2026 को प्रेषित पत्र में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रति उनके सेवा भाव, संवेदनशीलता और समर्पण की प्रशंसा करते हुए जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में समाजसेवियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित पत्र में कहा गया है कि समाजसेवी समाज और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करते हैं। वे जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने में अहम योगदान देते हैं। लोकतांत्रिक समाज की मजबूती उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निस्वार्थ भाव से जनहित में कार्य करते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करते हैं। पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस लक्ष्य को पूरा करने में समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि समाजसेवी अहमद सईद हर्फ़ का सहयोग विकसित एवं सशक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इनका सेवा भाव, संवेदनशीलता एवं जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की इस यात्रा को मजबूत करेगा।










