आसनसोल में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, कई इलाके जलमग्न
चार घंटे की लगातार बारिश ने बिगाड़े हालात, घरों में घुसा पानी; रातभर सामान बचाने में जुटे रहे लोग
आसनसोल: सोमवार शाम करीब 7 बजे से हुई मूसलाधार बारिश ने आसनसोल के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। करीब चार घंटे तक लगातार हुई बारिश के बाद रेलपार, बराकर, बस्तीन बाजार समेत कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए। कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश रुक-रुककर अब भी जारी है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। जलजमाव के कारण कई परिवारों को रातभर जागकर घर में रखे जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर वर्ष भारी बारिश के दौरान इन इलाकों में जलजमाव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि नई सरकार से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।
बारिश का सिलसिला अगर इसी तरह जारी रहा और पानी का स्तर बढ़ा, तो कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। फिलहाल स्थानीय लोग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन से जल्द राहत एवं जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।










