आसनसोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पाइपगन और जिंदा कारतूस के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालबहाल मैदान से एक युवक को देसी पाइपगन और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंदा यादव (22) के रूप में हुई है, जो झारखंड के मिहिजाम इलाके का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मालबहाल मैदान में एक संदिग्ध युवक के हथियार के साथ छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फांड़ी प्रभारी सुमंगल सरकार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पाइपगन और एक राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया। शनिवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने हथियार के स्रोत और संभावित आपराधिक नेटवर्क से उसके संबंधों की जांच के लिए सात दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की।
फिलहाल, रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और क्या उसका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध है।










