*कुल्टी:* आत्मदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने वाले 55 जरूरतमंद लोगों के लिए ऑपरेशन के लगभग 27 दिन बाद विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सभी लाभार्थियों की विस्तृत जांच की गई और उनके स्वास्थ्य की स्थिति की समीक्षा की गई।

गौरतलब है कि विगत लगभग एक माह पूर्व, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर, कुल्टी वर्क्स रोड स्थित रानीतालाब के पास कुल्टी बिस प्राइमरी स्कूल परिसर में आत्मदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा नेताजी आई हॉस्पिटल, रामचंद्रपुर के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में कुल्टी के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 109 जरूरतमंद लोगों की नेत्र जांच की गई थी। जांच के दौरान 56 लोगों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए, जिनमें से 55 लोगों को ऑपरेशन के लिए योग्य घोषित किया गया।
इसके पश्चात सभी 55 जरूरतमंदों का नेताजी आई हॉस्पिटल, रामचंद्रपुर में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराया गया। ऑपरेशन के लगभग 27 दिन बाद आयोजित फॉलो-अप शिविर में सभी मरीजों की आंखों की स्थिति की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आत्मदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव देवीदास राय ने बताया कि संस्था पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सेवा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर सामाजिक सेवा के तहत लगभग 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल, साड़ी एवं गर्म कपड़े वितरित करने के साथ-साथ निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन भी करती है।
ऑपरेशन के बाद आयोजित इस जांच शिविर के दौरान आत्मदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष प्रशांत सरकार, सचिव देवीदास राय, उपाध्यक्ष संदीप मुखर्जी, निदेशक देबाशीष दास, निदेशक चंदन राय, सदस्य प्रीतम माजी सहित संस्था के कई कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्था के इस मानवीय और निरंतर सेवा कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी और बेहतर जीवन की दिशा मिल रही है।









