पत्रकारों की एकजुटता से ही सुरक्षित होंगे अधिकार – गिरिराज सिंह
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन संत कबीर नगर की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन।
मेंहदावल, संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश।

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन® की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक मेंहदावल स्थित डाक बंगले में जिलाध्यक्ष सूर्यप्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठन विस्तार तथा पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन® के राष्ट्रीय महासचिव गिरिराज सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रजीत शुक्ल, प्रदेश सचिव केडी सिद्दीकी तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. बेचन यादव ने सहभागिता करते हुए संगठन की आगामी कार्ययोजना और पत्रकार हितों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों का संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत संगठन ही पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उन्होंने सभी पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रजीत शुक्ल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संगठन के प्रत्येक सदस्य से सक्रिय भूमिका निभाने तथा नए पत्रकार साथियों को भी संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव केडी सिद्दीकी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. बेचन यादव, सुनील यादव एवं विकास अग्रहरि ने अपने विचार रखते हुए कहा कि संगठन की नियमित मासिक बैठकें आयोजित की जानी चाहिए। इससे संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलती है, सदस्यों के बीच आपसी परिचय और समन्वय मजबूत होता है तथा पत्रकारों की समस्याओं पर सामूहिक रूप से विचार कर उनका समाधान निकालना आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर पत्रकारों के हितों की प्रभावी रक्षा संभव है।
बैठक के दौरान संगठन के सदस्यों को इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन® के पहचान-पत्र (आई-कार्ड) वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा जिला एवं तहसील स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, पत्रकार एकता और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।
बैठक में तहसील अध्यक्ष मेंहदावल धर्मेन्द्र मिश्रा, विष्णु स्वरूप, मोहम्मद अनस, कमलेश यादव, गोविंद बल्लभ पांडेय, धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा, प्रेम कुमार, वासुदेव यादव, गोरखनाथ राय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।










