Dastak Jo Pahunchey Har Ghar Tak

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email

परसिया कोलियरी में बड़ा हादसा भूमिगत खदान में एयर ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत, कई गंभीर रूप से घायल; बचाव अभियान जारी

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email
ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

परसिया कोलियरी में बड़ा हादसा

भूमिगत खदान में एयर ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत, कई गंभीर रूप से घायल; बचाव अभियान जारी

आसनसोल, पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कानूस्तोड़िया एरिया की परसिया कोलियरी में गुरुवार सुबह बड़ा खान हादसा हो गया। भूमिगत कोयला खदान के 27 नंबर सेक्शन में करीब साढ़े दस बजे अचानक एयर ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 6 से 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान देवाई मुंडा के रूप में हुई है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय खदान के अंदर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे, जिनमें दो अधिकारी तथा बाकी मजदूर शामिल थे। अचानक हुए ब्लास्ट के बाद खदान के अंदर मौजूद लोग इधर-उधर बिखर गए। इसके बाद आपातकालीन सायरन बजाया गया और खदान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।


घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं ईसीएल (Eastern Coalfields Limited) के कई अधिकारी और जामुड़िया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
फिलहाल ईसीएल की रेस्क्यू टीम अधिकारियों के साथ खदान के अंदर पहुंचकर यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं और मजदूर अंदर फंसे तो नहीं हैं। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार घायलों और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इलाके में घटना को लेकर दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।