पर्यावरण और खेल को बढ़ावा: विश्व आदिवासी दिवस पर कुलटी में साल के पौधों और फुटबॉल का अनोखा वितरण
कुलटी। विश्व आदिवासी दिवस के पावन अवसर पर जुआन जुमिद साओता कुलटी-सालानपुर शाखा द्वारा समाज और प्रकृति को जोड़ने वाली एक सराहनीय पहल की गई। इस खास मौके पर संस्था की ओर से स्थानीय आम लोगों के बीच 80 साल (सखुआ) के पौधों का वितरण किया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिल सके। इसके साथ ही, आदिवासी समाज के बच्चों और युवाओं के खेल कौशल को बढ़ावा देने के लिए फुटबॉल भी बांटे गए।कुलटी-सालानपुर आदिवासी युवा समाज के तत्वावधान में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम कुलटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देन्दुआ-कल्याणेश्वरी रोड पर स्थित कदभिटा मोड़ के सामने संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से दुर्गेश किस्कू, देवलाल मुर्मू, श्यामलाल बेसरा और प्रकाश हांसदा सहित समाज के कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ विश्व आदिवासी दिवस मनाया। इस दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और पर्यावरण को बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।








