बायपास चौरंगी मोड़ पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त चेकिंग, बिना हेलमेट और सीटबेल्ट वालों के कटे चालान
कुल्टी: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को बायपास चौरंगी मोड़ पर एक व्यापक जांच अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक प्रभारी विश्वजीत कुंडू ने किया। इस दौरान ट्रैफिक एसआई सौरभ चट्टोपाध्याय और कई सिविक वॉलिंटियर्स भी मुस्तैद रहे। पुलिस टीम ने विशेष रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की निगरानी की तथा हेलमेट व सीटबेल्ट के नियमों का कड़ाई से पालन कराया।जांच के दौरान बिना हेलमेट और सीटबेल्ट के वाहन चलाने वाले कई चालकों को पकड़ा गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की गई और उन्हें सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा के नियमों को हल्के में न लें। आने वाले दिनों में इस तरह के औचक जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।ट्रैफिक प्रभारी विश्वजीत कुंडू ने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट पहनना न केवल कानूनी रूप से अनिवार्य है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाने का सबसे सुरक्षित उपाय भी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें।











