बैगुनिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी को 10 लाख का विशेष अनुदान, बराकर में खुशी की लहर
मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के प्रयासों का कमिटी ने किया स्वागत, थाना प्रभारी अशोक सिंह महापात्र ने सौंपा चेक
बराकर। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार की ओर से दुर्गापूजा कमिटियों को दिए जा रहे विशेष अनुदान के तहत कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर स्थित बैगुनिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस विशेष अनुदान की खबर से बराकर सहित आसपास के इलाकों में खुशी का माहौल है। कमिटी के सदस्यों ने राज्य सरकार और स्थानीय विधायक सह मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से बंगाल की 50 दुर्गापूजा कमिटियों को विशेष अनुदान के रूप में 10-10 लाख रुपये देने की पहल की गई है। इसी क्रम में बैगुनिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी को अनुदान का चेक प्रदान किया गया। कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिंह महापात्र ने कमिटी के सदस्य सोनू को चेक सौंपा।
कमिटी के सचिव पुरनेन्दु चटर्जी ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस विशेष अनुदान से पूजा आयोजन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। इस आर्थिक सहायता से कमिटी को पूजा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में काफी सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कुल्टी के विधायक सह राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बराकर के निवासी होने के नाते क्षेत्र की जनता और पूजा कमिटी उनका तहेदिल से स्वागत करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार की ओर से मिलने वाला यह सहयोग दुर्गापूजा को और भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गौरतलब है कि राज्य में दुर्गापूजा कमिटियों को पहले भी आर्थिक अनुदान दिया जाता रहा है। ऐसे में 10 लाख रुपये का विशेष अनुदान मिलने से बैगुनिया सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी को इस वर्ष पूजा आयोजन में अतिरिक्त आर्थिक मजबूती मिलेगी। अनुदान मिलने के बाद कमिटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।










