Dastak Jo Pahunchey Har Ghar Tak

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email

*माननीय प्रधानमंत्री करेंगे 103 ‘अमृत भारत स्टेशन’ का उद्घाटन, जिसमें पश्चिम बंगाल का ‘जयचंडी पहाड़ स्टेशन’ भी शामिल*

Share on facebook
Share on twitter
Share on whatsapp
Share on email
ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

ASANSOL DASTAK ONLINE DESK

दक्षिण पूर्व रेलवे
प्रेस विज्ञप्ति
कोलकाता, 19 मई 2025

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिनांक 22.05.2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 103 ‘अमृत भारत स्टेशन’ का उद्घाटन करेंगे, जिनमें पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का जयचंडी पहाड़ स्टेशन भी शामिल है। इसी दिन पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एवं कल्याणी घोषपाड़ा रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल राज्य के कुल 100 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत किया जा रहा है।

‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, क्षेत्र की रेलवे अधोसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना का उद्देश्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना, पहुंच को सरल करना एवं सतत विकास की अवधारणाओं को अपनाना है। इससे न केवल यात्रियों के अनुभव में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को भी बल मिलेगा।

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में स्थित जयचंडी पहाड़ स्टेशन, यात्रियों एवं मालवाहन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। आद्रा मंडल के अंतर्गत आने वाले इस स्टेशन का पुनर्विकास रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है, जिससे यात्रियों को उन्नत सुविधाएं मिल सकें।

जयचंडी पहाड़ स्टेशन पर निम्नलिखित आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है – लिफ्ट, नव निर्मित एवं विकसित स्टेशन कांस कोर्स, विश्राम कक्ष, डॉरमेट्री, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, ग्रेनाइट युक्त विकसित प्लेटफॉर्म सतह आदि।

इसके अलावा, दिव्यांगजन के लिए रैम्प, जल कियोस्क एवं शौचालय, मुर्रम युक्त पार्किंग क्षेत्र का विकास, दिव्यांगजन के लिए आरक्षण काउंटर, स्थानीय कला (मधुबनी चित्रकला) से सुसज्जित स्टेशन परिसर, परिसंचरण क्षेत्र का विकास, टैक्टाइल टाइल्स की स्थापना, मुख्य द्वार की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत एवं पार्किंग की ओर जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण जैसे कार्य भी किए गए हैं।

जयचंडी पहाड़ स्टेशन पर हुए अधोसंरचना विकास कार्यों को मीडिया को दिखाने हेतु एक मीडिया टूर का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, रेल प्रेमी एवं सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को जॉयचंडी पहाड़ स्टेशन पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।