मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने स्कूल पहुंचे विधायक कृष्नेन्दु मुखर्जी
छात्रों के लिए बने भोजन को चखकर परखी गुणवत्ता, बच्चों और शिक्षकों से संवाद कर जानीं समस्याएं
आसनसोल, पश्चिम बंगाल आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के काख्या ग्राम स्थित काख्या एफपी स्कूल में शनिवार को भाजपा विधायक कृष्नेन्दु मुखर्जी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्कूल में छात्र-छात्राओं को मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता का जायजा लिया।
विधायक ने बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन को खुद चखकर देखा और यह जानने की कोशिश की कि भोजन सही तरीके से तैयार किया गया है या नहीं तथा इसमें किसी तरह की कमी तो नहीं है।
इसके बाद कृष्नेन्दु मुखर्जी ने स्कूल के छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बच्चों से स्कूल में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली।
विधायक ने स्कूल के शिक्षकों और प्रधान शिक्षक के साथ भी चर्चा की। इस दौरान स्कूल में मौजूद सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की जरूरतों को लेकर बातचीत हुई। विधायक ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवश्यक सुविधाएं मिलना भी बेहद जरूरी है।










