मौत को छकाकर निकली मिनीबस: बाइक सवार को बचाने के फेर में पलटी सवारी गाड़ी, चीख-पुकार के बीच ‘चमत्कार’!
कुल्टी।कुल्टी में बड़ा हादसा टला, सुबह-सुबह अनियंत्रित होकर पलटी चिनाकुड़ी-आसनसोल मिनीबस, बाल-बाल बचे यात्री।विशेष संवाददाता, आसनसोल:आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत मिठानी संलग्न बालीपुल इलाके में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरी एक मिनीबस अचानक बेकाबू होकर सड़क पर ही पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। लेकिन गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। एक बड़ा हादसा होते-होते बेहद मामूली चोटों पर टल गया।तेज रफ्तार और अचानक सामने आ गई मौत!प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, चिनाकुड़ी से वाया मिठानी होते हुए आसनसोल जा रही इस मिनीबस में 4 से 5 यात्री सवार थे। सुबह के वक्त बस अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी कि अचानक बालीपुल के पास एक अनियंत्रित मोटर साइकिल बस के ठीक सामने आ गई। बाइक सवार को सीधे टकराने से बचाने के लिए मिनीबस के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्टेयरिंग घुमा दी। रफ्तार अधिक होने और तीखे मोड़ के कारण चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और मिनीबस बीच सड़क पर ही पलट गई। दौड़ पड़ी पुलिस, मची अफरातफरीहादसे की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कुल्टी थाना के नियामतपुर फांड़ी और नियामतपुर सब-ट्रैफिक गार्ड की पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।खरोंचें आईं, पर सुरक्षित रही जिंदगीराहत की बात यह रही कि जहां बस पलटने से एक बड़े जानमाल के नुकसान की आशंका थी, वहीं सभी यात्री सुरक्षित हैं। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें और चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनीबस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर व्यस्त रास्तों पर अचानक आने वाले वाहनों और चालकों की सजगता पर चर्चा छेड़ दी है।










