सीतारामपुर में भादो महोत्सव पर भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा, दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू
कुल्टी।श्री श्याम एवं दादी मंदिर में हर साल की भांति इस साल भी भादो महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन पर्व के अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम और अनुष्ठान का आयोजन किया गया है।महोत्सव के पहले दिन गुरुवार की सुबह मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा और महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। श्री श्याम के जयकारों के साथ निकली यह शोभायात्रा पूरे नियामतपुर नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंची, जहां पूजा-पाठ के साथ यात्रा का समापन किया गया। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था।इस विषय में जानकारी देते हुए मंदिर कमेटी के सचिव राजेश डोकानिया ने बताया कि पिछले 16 वर्षों से मंदिर कमेटी द्वारा लगातार भादो महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार दो दिवसीय कार्यक्रम रखा गया है।उन्होंने बताया कि गुरुवार को प्रथम दिन शोभायात्रा, कलश यात्रा और नगर परिक्रमा की गई। संध्या के समय भजन संध्या और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें देर शाम प्रसिद्ध संगीतकारों द्वारा भजन प्रस्तुत कर भक्तों को मंत्रमुग्ध किया गया, साथ ही जूली खंडेलवाल पाठवाचिका द्वारा मंगलपाठ किया जाएगा।वहीं शुक्रवार को महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर में बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा मंगल पाठ और विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।










