रक्षाबंधन पर दिखा भाई-बहन के अटूट प्रेम का अनोखा बंधन, सरला देवी ने वर्षों से निभाई राखी की परंपरा
बाराबंकी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास की अनोखी मिसाल जनपद बाराबंकी में देखने को मिली। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
बाराबंकी की सरला देवी पिछले कई वर्षों से अपने भाई रहमान अली खान की कलाई पर रक्षाबंधन के दिन राखी बांधती आ रही हैं। भाई-बहन के बीच वर्षों से कायम इस प्रेम और अपनत्व को देखकर आसपास के लोग भी उनकी खूब सराहना करते हैं। यह रिश्ता आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे की खूबसूरत मिसाल पेश करता है।
वहीं, ग्राम पंचायत सुरसंण्डा में रक्षाबंधन का पर्व एक मासूम और भावुक पल का गवाह बना। महज छह माह की सिदार फातमा ने पहली बार अपने भाइयों रूहान खान, शिहब खान और अरहम खान की कलाई पर राखी बांधी। नन्हीं बहन द्वारा पहली बार राखी बांधने का यह दृश्य परिवार के लिए बेहद खास और भावुक रहा।
रक्षाबंधन के इन खूबसूरत पलों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भाई-बहन का रिश्ता उम्र, परिस्थितियों और सामाजिक सीमाओं से ऊपर होता है। प्रेम, विश्वास और स्नेह से जुड़ा यह पवित्र बंधन परिवार ही नहीं, बल्कि समाज में भी भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करता है।








