रानीगंज में अनियंत्रित ट्रेलर दुकान में घुसा, भारी नुकसान; मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन
रानीगंज: रानीगंज के तिलक रोड स्थित चीन कोठी मोड़ इलाके में बुधवार रात एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन टक्कर के कारण दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। दुकान को हुए नुकसान को लेकर स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इलाके में लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।










