सड़क सुरक्षा की कमान: स्कूली बच्चों ने संभाला मोर्चा, पर्चे बांटकर वाहन चालकों को सिखाया ट्रैफिक का ककहरा
बाराकर: यातायात नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार (3 अगस्त) को बाराकर क्षेत्र में एक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान बाराकर सब ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी (OC) बिनय लायक के निर्देश पर आयोजित किया गया।अभियान के तहत पूरे क्षेत्र में माइकिंग के माध्यम से आम जनता को यातायात कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस मुहिम की सबसे खास बात स्कूली छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों ने खुद सड़कों पर उतरकर वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं को ट्रैफिक जागरूकता से जुड़े पर्चे वितरित किए।इस दौरान छात्रों और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, सीट बेल्ट लगाने, बाइक पर ट्रिपल राइडिंग न करने और शराब पीकर गाड़ी न चलाने की अपील की। इसके साथ ही ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) से बचने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के बारे में भी जागरूक किया गया।अभियान के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित सड़कों के निर्माण के लिए आम जनता से ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की भावुक अपील की।










