पिछले वर्ष अप्रैल माह में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा चुनाव कराने का आदेश पारित किया गया था। किंतु चुनाव की घोषणा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समय पर न होकर मात्र 15 दिन पूर्व किए जाने के कारण अनेक व्यावहारिक बाधाएँ उत्पन्न हुईं। इसके बावजूद INTUC Burnpur ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखते हुए अपना नामांकन पत्र विधिवत दाखिल किया था।
इसके उपरांत चुनाव कराने के अधिकार को लेकर राज्य सरकार एवं CLC के बीच विवाद उत्पन्न हुआ, जो पुनः माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हुआ। माननीय न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव राज्य सरकार के माध्यम से कराया जाएगा। INTUC Burnpur ने रजिस्ट्रार एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित चुनाव संबंधी सभी नियमों, प्रक्रियाओं एवं निर्देशों का पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ पालन किया है।
बाद में CLC द्वारा पुनः माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया। उक्त याचिका पर सुनवाई के पश्चात आज माननीय उच्च न्यायालय ने चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश दिया है।
ISP के सभी कर्मचारी लंबे समय से इस चुनाव की प्रतीक्षा कर रहे थे। आज माननीय उच्च न्यायालय का निर्णय आने के बाद कर्मचारियों में खुशी, उत्साह एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति नया विश्वास देखने को मिल रहा है।
INTUC Burnpur की ओर से मैं माननीय उच्च न्यायालय के इस निर्णय का हार्दिक स्वागत एवं सम्मान करता हूँ। लंबे इंतजार के बाद प्राप्त इस निर्णय के अनुसार आगामी तीन माह के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूर्ण की जानी है।
हम ISP प्रबंधन तथा चुनाव प्राधिकरण से अनुरोध करते हैं कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए, ताकि ISP का प्रत्येक कर्मचारी बिना किसी भय, दबाव अथवा पक्षपात के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके।
एक बार पुनः मैं माननीय उच्च न्यायालय के इस महत्वपूर्ण निर्णय का सम्मान करता हूँ तथा आशा करता हूँ कि चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
धन्यवाद।
(General Secretary)
INTUC Burnpur










