दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
“अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस (ILCAD) – 2026”
आद्रा, दिनांक: 08.06.2026
अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस (International Level Crossing Awareness Day – ILCAD) के अवसर पर दिनांक 09 जून 2026 को दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में समपार फाटकों पर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस वर्ष ILCAD-2026 का मुख्य संदेश “Tracks are for Trains!” (रेल की पटरियाँ रेलगाड़ियों के लिए हैं, आपके लिए नहीं) है। अभियान का उद्देश्य समपार फाटकों तथा रेलवे पटरियों को पार करते समय नागरिकों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं को रोकना है।
इस अवसर पर आद्रा मंडल के विभिन्न समपार फाटकों एवं रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा संगठन, परिचालन, इंजीनियरिंग, आरपीएफ तथा अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के अंतर्गत पंपलेट वितरण, नुक्कड़ जागरूकता अभियान, सुरक्षा परामर्श, वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद तथा सुरक्षा संदेशों का प्रसार किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि—
बंद समपार फाटक के नीचे से अथवा उसे पार करने का प्रयास न करें।
समपार फाटक खुलने तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें।
रेलवे ट्रैक पर चलने, बैठने अथवा अनधिकृत रूप से पार करने से बचें।
रेलवे लाइन पार करते समय दोनों दिशाओं में देखकर तथा ट्रेन की आवाज़ पर ध्यान देकर ही आगे बढ़ें।
रेलवे ट्रैक पर ट्रेन को सदैव प्राथमिकता दें तथा किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें।
रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 160 के अंतर्गत समपार फाटकों से संबंधित सुरक्षा नियमों का उल्लंघन दंडनीय अपराध है, जिसके लिए कठोर दंड का प्रावधान है।
आद्रा मंडल सभी नागरिकों से अनुरोध करता है कि वे रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा एवं सुरक्षित समपार फाटक उपयोग को सुनिश्चित करने में रेलवे का सहयोग करें।
“आपका जीवन अमूल्य है – इसे जोखिम में न डालें।”
जनसंपर्क विभाग
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल
भारतीय रेल – राष्ट्र की जीवन रेखा










