*अन्नपूर्णा भंडार का पैसा नहीं मिलने से आक्रोश, महिलाओं ने घेरा आसनसोल SDO ऑफिस, दी सड़क जाम की चेतावनी*
*आसनसोल।* अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ न मिलने से नाराज सैकड़ों महिलाओं ने सोमवार को आसनसोल SDO कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक कार्यालय के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
महिलाओं का आरोप है कि सही तरीके से ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी उन्हें योजना का पैसा नहीं मिल रहा है, जबकि उनके ही मोहल्ले में संपन्न और सरकारी नौकरी वाले परिवारों की महिलाओं को 3000 रुपये मिल रहे हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की है कि या तो सभी पात्र महिलाओं को पैसा दिया जाए या फिर इस योजना को बंद किया जाए।
मौके पर मौजूद *जहान खातून* ने कहा, “हम लोग भाड़े के घर में रहते हैं, लेबर का काम करते हैं, हमारे हाथ में कुछ नहीं है। जिसकी नौकरी है उसको पैसा मिल रहा है, हम लोगों को नहीं मिल रहा है। SDO साहब से बात की तो कोई आश्वासन नहीं मिला। हमको भी सबकी तरह पैसा चाहिए।”
वहीं एक अन्य महिला *मौसमी चक्रवर्ती* ने बताया, “SDO साहब खुद बोले कि हमारे पास कोई ऑर्डर नहीं है। मैंने ऑनलाइन किया, जुलाई में पैसा मिला था उसके बाद दो महीने से रिजेक्ट दिखा रहा है। मेरा फर्दर वेरिफाइड भी हो गया है, घर आकर जांच हुई, फोन पर भी जांच हुई। हम बोरो ऑफिस गए, कॉरपोरेशन गए, कहीं कोई जवाब नहीं दे रहा। SDO साहब बोल रहे हैं घर में रहिए, ऑनलाइन किया है तो ऑनलाइन ही जवाब मिलेगा। चार महीने से इंतजार कर रहे हैं।”
महिलाओं ने कहा कि हम बहुत गरीब हैं, मिड-डे मील में काम करते हैं, हमें इस पैसे की सख्त जरूरत है। जिनके पति रेलवे और सरकारी नौकरी में हैं, जिनके दो-तीन तल्ला मकान हैं उनको मिल रहा है और हम योग्य होते हुए भी वंचित हैं।
कोई संतोषजनक जवाब न मिलने से महिलाओं में भारी आक्रोश है और उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द पैसा नहीं मिला तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करेंगी।








