ऋण न चुकाने पर बड़ी कार्रवाई: आसनसोल के सायन ऑटो की संपत्ति इंडियन बैंक ने की जब्त
आसनसोल:उषा ग्राम स्थित सायन ऑटो की संपत्ति को इंडियन बैंक ने बुधवार को पूरी तरह जब्त कर लिया। यह कार्रवाई लंबे समय से बकाया ऋण की राशि न चुकाने के कारण की गई है।
2018 से एनपीए था खाता
बैंक अधिकारियों के अनुसार, सायन ऑटो के मालिक और उनकी पत्नी ने साल 2016 में इंडियन बैंक की अपकार गार्डन शाखा से 32 लाख रुपये का लोन (ऋण) लिया था। समय पर भुगतान न होने के कारण साल 2018 में इस ऋण को एनपीए (गैर-निष्पादित संपत्ति) घोषित कर दिया गया था।
सरफेसी अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
ऋण न चुकाने पर बैंक ने ‘सरफेसी अधिनियम’ (SARFAESI Act) के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान मालिक को कई बार नोटिस भेजकर बकाया राशि जमा करने का मौका दिया गया। इसके बावजूद राशि वापस नहीं की गई, जिसके बाद बैंक ने संपत्ति को कब्जे में लेने का अंतिम फैसला किया।
प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण जब्ती
बैंक सूत्रों ने बताया कि दोपहर 3 बजे स्थानीय पुलिस और प्रशासन के सहयोग से जब्ती की कार्रवाई शुरू हुई। सायन ऑटो के मालिक और मालकिन की मौजूदगी में पूरी कानूनी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कर बिल्डिंग को सील कर दिया गया।










