कुल्टी में दुर्गापूजा का शंखनाद! मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने एक दर्जन से अधिक पूजा पंडालों का किया उद्घाटन, गाजे-बाजे के साथ उमड़ा उत्साह
कुल्टी। दुर्गापूजा के रंग में रंगी कोयलांचल की धरती, चारों ओर उत्साह का माहौल और मां दुर्गा के स्वागत में उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़। इसी उल्लास के बीच शुक्रवार को कुल्टी के विधायक सह राज्य के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने एक दर्जन से अधिक दुर्गापूजा पंडालों का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। मंत्री के हाथों पूजा पंडालों के उद्घाटन के साथ ही विभिन्न इलाकों में उत्सव की रौनक और बढ़ गई।
चिनाकुड़ी एक, दो एवं तीन सहित कुल्टी, नियामतपुर और विभिन्न वार्डों में आयोजित दुर्गापूजा के उद्घाटन समारोह में भव्यता और उत्साह देखने को मिला। गाजे-बाजे के साथ मां दुर्गा का आह्वान किया गया। पूजा कमिटियों की ओर से मंत्री डॉ. अजय पोद्दार एवं उनके साथ उपस्थित परिजनों का फूलों और अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल तीन के अमर प्रसाद सहित ईसीएल के महाप्रबंधक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। पूजा पंडालों में सजे आकर्षक प्रवेश द्वार, भव्य सजावट और श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे क्षेत्र में दुर्गोत्सव की छटा बिखेरता नजर आया।
कुल्टी से नियामतपुर तक उत्सव की धूम
मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार के लगातार पूजा पंडालों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पूजा कमिटियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह स्वागत और सम्मान के बीच मां दुर्गा की आराधना का सिलसिला आगे बढ़ा। कुल्टी से नियामतपुर तक दुर्गापूजा को लेकर लोगों में हर्षोल्लास का माहौल रहा।
दुर्गोत्सव के इस अवसर पर पूजा कमिटियों ने अपनी तैयारियों के माध्यम से धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा की झलक पेश की। मां दुर्गा के आगमन के साथ पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।










