चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कुल्टी में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
कुल्टी:मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पदत्याग की मांग को लेकर बुधवार को कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस नेतृत्व ने एक अनोखा विरोध कार्यक्रम आयोजित किया। पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी विधानसभा अंतर्गत नियामतपुर न्यू रोड पर आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
मुखौटा पहनाकर जताया विरोध
इस विरोध कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा तरीका अपनाया। प्रदर्शन में शामिल एक कार्यकर्ता को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाया गया और उसके हाथों में प्रतीकात्मक रूप से रस्सी बांधी गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे चारों तरफ से घेरकर जोरदार नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हरजीत सिंह, कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस नेता इम्तियाज खान और हामिद सिद्दीकी सहित क्षेत्र के कई अन्य स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।










