पुरुलिया: नाले से अधेड़ का शव बरामद, रविवार से थे लापता
पुरुलिया: सोमवार सुबह झालदा नगरपालिका के वार्ड नंबर 5 अंतर्गत ओल्ड बाघमुंडी रोड स्थित एक नाले से एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही झालदा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर झालदा ब्लॉक हेल्थ सेंटर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 57 वर्षीय बाधू बागती के रूप में हुई है। मृतक के बेटे धनंजय बागती ने बताया कि उनके पिता रविवार से ही लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखकर पुलिस और परिवार को सूचित किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और कारण है।










