बंगाल में अशांति बर्दाश्त नहीं, शांति-शृंखला ही सरकार की प्राथमिकता” — कूल्टी में संदेश विधायक अजय पोद्दार का
कूल्टी: कूल्टी विधानसभा अंतर्गत 59 नंबर वार्ड की विष्णु बिहार कॉलोनी में भव्य रबिंद्र जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कूल्टी के विधायक अजय पोद्दार ने राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।
अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय पोद्दार ने कड़े शब्दों में कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती पर किसी भी प्रकार की अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन को और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। विधायक ने स्पष्ट किया, “जो भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा, प्रशासन उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करे। हमारा संकल्प बंगाल को एक शांत, सुरक्षित और सुव्यवस्थित राज्य बनाना है।”
महापुरुषों के आदर्शों से बनेगा ‘नया बंगाल’
रबिंद्र जयंती के मंच से उन्होंने बंगाल की समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को याद किया। कबीगुरु रबिंद्रनाथ टैगोर को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की पावन मिट्टी ने विश्व को दिशा दिखाने वाले महापुरुष दिए हैं। उन्होंने युवाओं से कबीगुरु, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने की अपील की। इन महापुरुषों के दिखाए रास्ते पर चलकर ही एक सशक्त और नए बंगाल का निर्माण संभव है।
‘सोनार बंगला’ का संकल्प
विधायक ने जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के नागरिकों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य हर क्षेत्र का विकास करना और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर “सोनार बंगला” के सपने को साकार करने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। रबिंद्र संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को अत्यंत जीवंत और उत्सवमुखर बना दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।










