बराकर में फुटबॉल का रोमांच चरम पर, पेनल्टी शूटआउट में बापी-11 ने जीता खिताब
बराकर। बराकर नदी तट स्थित डायमंड ग्राउंड में डायमंड क्लब बराकर की ओर से आयोजित बराकर चैलेंजिंग नॉकआउट रनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में बापी-11 चुनगाड़ी और जेएमडी आसनसोल की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबले को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे और पूरे मैच के दौरान उत्साह चरम पर रहा।
निर्धारित 20-20 मिनट के मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कड़ी टक्कर के बीच दोनों टीमों ने एक-एक गोल दागकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। इसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें बापी-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता बापी-11 को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता जेएमडी आसनसोल को 25 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ गोल, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार भी खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर प्रदान किए गए।
फाइनल मुकाबले में बीसीसीएल एरिया-12 के महाप्रबंधक, पूर्व पार्षद टुंपा चौधरी, समाजसेवी राणा मुखर्जी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश दिया।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में गब्बर मछली वाला और अमित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों और सहयोगियों की मेहनत से पूरा आयोजन खेलप्रेमियों के लिए यादगार बन गया। फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के जबरदस्त उत्साह ने बराकर में फुटबॉल के प्रति जुनून को साफ तौर पर दिखाया।










