बेजडीह कोलियरी में खान श्रमिक कांग्रेस का जोरदार जनजागरण, एनसीडब्ल्यू-12 वेतन लागू करने व जेबीसीसीआइ 12 कमेटी गठन की मांग
कुल्टी : बेजडीह कोलियरी परिसर में आज खान श्रमिक कांग्रेस ने 11वें वेतन समझौते की समाप्ति और एनसीडब्ल्यू-12 वेतन लागू होने के मद्देनज़र व्यापक जनजागरण अभियान चलाया। आगामी वेतन लागू होने से पहले आयोजित गेट मीटिंग में भारी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर अपनी प्रमुख समस्याएँ उठाईं और प्रशासन व कंपनी से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सभा की अध्यक्षता बेजडीह कोलियरी के सचिव दीपक चौबे ने की, जबकि सोदपुर एरिया के सचिव दया चंद नोनिया ने बैठक का संचालन किया। महासचिव मृत्युंजय सिंह, पश्चिम बंगाल प्रदेश मंत्री महेंद्र गुप्ता, पश्चिम बर्धमान कार्यकारिणी अध्यक्ष गोविंद माजी, खान श्रमिक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के साथ संतोष मिश्रा और प्रभु बरेठा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कोलियरी अध्यक्ष गुरुदेव महतो, भीम नोनिया, पवित्र बाउरी, रमाकांत राय, रविंद्र राय, महेश पासवान, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में सदस्य भी मौजूद रहे।
सभा में एनसीडब्ल्यू-12 के माध्यम से वेतन पुनरीक्षण पर गहन चर्चा हुई। श्रमिकों ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी और अनुचित भुगतान के कारण परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। साथ ही कोलियरी के क्वार्टरों में पानी की समस्या, लगातार हो रही लोडशेडिंग, रविवार ड्यूटी पर मनमानी, और क्वार्टर रिपेयरिंग की खराब व्यवस्था पर तीखी नाराज़गी व्यक्त की गई।
उपस्थित श्रमिकों ने ठेकेदारों द्वारा वेतन भुगतान में अनियमितता, पे- स्लिप व अपॉइंटमेंट लेटर न दिए जाने और मेडिकल सुविधाओं की कमी को भी गंभीर समस्या बताया। बैठक ने कंपनी व प्रशासन से इंसाफ़ और समस्याओं का स्थायी समाधान करने की संयुक्त मांग की और घोषित किया कि सांझा जुझारू रुख के तहत संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने आग्रह किया कि जेबीसीसीआइ 12 कमेटी जल्द से जल्द गठित कर एनसीडब्ल्यू-12 वेतन लागू किया जाए तथा लंबित मुद्दों का समाधान निकाले जाए।










