*रिश्वत के आरोपों पर प्रशासक आशा देवी की सफाई बोलीं आरोप पूरी तरह झूठे जांच को तैयार*
मसौली बाराबंकी। विकास खंड बंकी की ग्राम पंचायत सुरसण्डा की प्रशासक आशा देवी ने अपने एवं अपने पति धीरज कुमार पर लगाए गए एक लाख दस हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोपों को पूरी तरह निराधार झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने इस संबंध में लिखित बयान जारी कर अपनी सफाई दी है। ग्राम पहलीपार मजरे सुरसण्डा पोस्ट रसौली तहसील नवाबगंज जनपद बाराबंकी निवासी आशा देवी ने बताया कि ग्राम इकरामपुर निवासी रीना कुमारी पत्नी राकेश कुमार द्वारा उन पर और उनके पति पर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक लाख दस हजार लेने का आरोप लगाया गया है। बीते माह 6 जुलाई 2026 को जारी अपने लिखित बयान में आशा देवी ने कहा कि यदि वास्तव में उनसे इतनी बड़ी धनराशि ली गई होती तो लाभार्थी अपना मुख्यमंत्री आवास नहीं बनवा पाती। उनका कहना है कि आवास का निर्माण स्वयं इस बात का प्रमाण है कि योजना की धनराशि लाभार्थी को प्राप्त हुई और उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तथा उनके पति की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। आशा देवी ने कहा कि यदि मामले की किसी भी स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो वे जांच में पूरा सहयोग देंगी और उन्हें विश्वास है कि जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।










