पूर्व रेलवे/प्रेस विज्ञप्ति : 2026/08/04
*सुश्री गीतिका पांडेय ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया*
कोलकाता, 01 अगस्त, 2026:
सुश्री गीतिका पांडेय ने 01 अगस्त, 2026 को पूर्व रेलवे की नई महाप्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार संभालने से पूर्व वे रेलवे बोर्ड में अपर सदस्य(योजना) के पद पर कार्यरत थीं।
स्वर्ण पदक विजेता तथा अंग्रेजी साहित्य में एम.ए. उपाधिधारक सुश्री गीतिका पांडेय वर्ष 1990 बैच की भारतीय रेल लेखा सेवा (आईआरएएस) की अधिकारी हैं। भारतीय रेल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड(डीएफसीसीआईएल) में अपर महाप्रबंधक(वित्त), रेलवे विद्युतीकरण केंद्रीय संगठन(कोर) में प्रधान वित्त सलाहकार, उत्तर पश्चिम रेलवे में उप महाप्रबंधक(सामान्य), उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक तथा उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रधान वित्त सलाहकार जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
सुश्री पांडेय ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रतिवेदन मानक (आईएफआरएस) का कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके अलावा, उन्होंने सिंगापुर स्थित इनसीड(यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन), आईसीसीआई/मलेशिया तथा भारतीय रेल राष्ट्रीय अकादमी(एनएआईआर), वड़ोदरा में प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किए हैं।
अपने उत्कृष्ट एवं बहुआयामी सेवाकाल में सुश्री गीतिका पांडेय ने परिचालन, आधारभूत संरचना विकास, संविदा प्रणाली, डिजिटल परिवर्तन तथा वित्तीय नवाचार के क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं परिणामोन्मुख योगदान दिया है। उन्होंने सदैव मापनीय उपलब्धियों, संस्थागत क्षमता निर्माण तथा यात्री एवं माल ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया है।
उनका कार्यकाल परिवर्तनकारी नेतृत्व, प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन का उदाहरण रहा है। जोधपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में उनके आंकड़ो पर आधारित निर्णय, कुशल नेतृत्व एवं टीम भावना के परिणामस्वरूप कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान माल परिवहन से ₹177.16 करोड़ की आय अर्जित हुई, जो निर्धारित लक्ष्य से 161 प्रतिशत अधिक थी। कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की गंभीर कमी के समय जोधपुर मंडल ने रिकॉर्ड समय में मंडल रेलवे अस्पताल में प्रथम ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र स्थापित कर चिकित्सा सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की। प्रधान वित्त सलाहकार, रेलवे विद्युतीकरण केंद्रीय संगठन (कोर) के रूप में उन्होंने 3,106.91 रूट किलोमीटर (आरकेएम) में फैली 16 विद्युतीकरण परियोजनाओं को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रधान वित्त सलाहकार के रूप में उन्होंने उच्च मूल्य की पूंजीगत व्यय(कैपेक्स) परियोजनाओं, जटिल लेखा-परीक्षण मामलों तथा प्रणालीगत सुधारों में मुख्य टीम सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रेलवे बोर्ड में अपर सदस्य(योजना) के रूप में उन्होंने भारतीय रेल की वित्तीय रणनीति एवं योजना निर्माण का नेतृत्व किया, बजट एवं वित्तीय पूर्वानुमान की निगरानी की तथा देश के इस सबसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रेलवे के सर्वोच्च स्तर की अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं देने के साथ-साथ पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय ने सामाजिक कार्यों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त लोगों की निरंतर सहायता कर समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई हैं।
सुश्री गीतिका पांडेय सोसाइटी फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट एक्टिविटीज रिसर्च एंड ट्रेनिंग की मानद सदस्य भी हैं। एक प्रेरक वक्ता के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों के लिए अनेक प्रेरणादायक व्याख्यान भी दिए हैं, जिनमें व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण तथा चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
पूर्व रेलवे की टीम सुश्री गीतिका पांडेय के गतिशील नेतृत्व में कार्य करने पर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना करती है।










