सेवा सेतु अभियान: आसनसोल नगर निगम में कल्याण शिविरों का आयोजन, कुल्टी में मंत्री प्रतिनिधि ने लिया जायजा
आसनसोल/कुल्टी:
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत राज्य के विभिन्न नगर निकाय स्तरों पर जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आम जनता तक सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम के सभी 10 बोरो इलाकों में भी इन शिविरों का आयोजन हो रहा है।
आज कुल्टी बोरो कार्यालय में भी कल्याण शिविर लगाया गया। इस शिविर की व्यवस्थाओं और संचालन का जायजा लेने के लिए मंत्री प्रतिनिधि टिंकू वर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्यस्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टिंकू वर्मा ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को राज्य सरकार के 20 विभिन्न विभागों की करीब 60 कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही छत के नीचे मिलेगा। इसके साथ ही, शिविर में आने वाले लोगों को सरकार की विभिन्न जनोपयोगी सेवाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि समाज का अंतिम व्यक्ति भी इन लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहे।










