दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ एवं विशेष अभियान 6.0 के तहत आद्रा मंडल में अनधिकृत पोस्टर-बैनर हटाने सहित विभिन्न स्वच्छता अभियानों का आयोजन
आद्रा, दिनांक: 09.10.2026
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ एवं विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत आज, दिनांक 09.10.2026 को विभिन्न रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों एवं रेलवे परिसरों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों से अनावश्यक एवं अनधिकृत विज्ञापनों को हटाने तथा पान-गुटखा थूकने से बने दागों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, फुटओवर ब्रिज (FOB), सबवे, बाउंड्री वॉल तथा रेलवे कॉलोनियों में लगे अनधिकृत पोस्टर, दीवारों पर लिखे विज्ञापन, स्टिकर, बैनर एवं होर्डिंग्स की पहचान कर उन्हें हटाया गया ताकि स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त, ‘नो रेड एंड येलो स्पॉट’ अभियान के तहत पुरुलिया (PRR) एवं आद्रा स्टेशनों की दीवारों, पिलरों, सीढ़ियों, फुटओवर ब्रिज, सबवे तथा प्लेटफॉर्मों के कोनों पर जमा पान-गुटखा के लाल दागों को हटाने के लिए विशेष स्क्रबिंग एवं सफाई अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में पुरुलिया, जयचंडी पहाड़ सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत स्टेशन परिसरों एवं यात्रियों के आवागमन वाले प्रमुख क्षेत्रों की व्यापक सफाई की गई। साथ ही, स्टेशन पर उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की भी सफाई की गई, ताकि उनकी स्वच्छता एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके।
स्वच्छता के प्रति यात्रियों को जागरूक करने तथा रेलवे परिसरों में दोबारा गंदगी फैलने से रोकने के लिए साफ किए गए स्थानों पर “थूक कर मत गंदा करो” एवं “No Spitting” जैसे संदेशों वाले साइनबोर्ड तथा ‘स्वच्छ रेल’ से संबंधित जागरूकता संकेतक लगाए गए।
आद्रा मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, अनधिकृत विज्ञापनों पर अंकुश लगाने तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।










