आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 75 के सांता बस्ती के स्थानीय लोगों ने बुधवार की सुबह इलाके में पेयजलापूर्ति किये जाने की मांग पर स्कोब गेट समक्ष बर्नपुर रोड को जामकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने सड़क पर बैठकर धरना देते हुए नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने मेयर के आने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम के दौरान वाहन चालकों के साथ लोगों की नोंकझोक भी हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते डेढ़ माह से सांता बस्ती इलाके में जलापूर्ति सही ढंग से नहीं हो रही है। इलाके में नल है लेकिन पानी नहीं आ रहा है। वहीं इस्को कारखाना के नजदीक होने के बावजूद ना इस्को प्रबंधन ना ही आसनसोल नगर निगम की ओर से समस्या का समाधान करने के लिये प्रयास किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे मेयर बिधान उपाध्याय ने लोगों को इलाके में शीघ्र पेयजलापूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने कहा कि सांता बस्ती में बीते कुछ दिनों से नलों में पानी का प्रेसर कम है लेकिन इसे निगम की ओर से ठीक कर लिया जाएगा। मेयर द्वारा आश्वासन दिये जाने के बाद सड़क जाम समाप्त हो गया। लोगों के प्रदर्शन के कारण लगभग एक घंटे तक स्कोब गेट समक्ष बर्नपुर रोड जाम रहा। 

















