गायत्री शक्तिपीठ में कन्या पूजन कर मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने लिया आशीर्वाद, भक्ति और श्रद्धा से गूंजा मंदिर परिसर
बराकर। नवरात्र के पावन अवसर पर बराकर के गायत्री नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कुल्टी के विधायक सह राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने मंदिर पहुंचकर कुंवारी कन्याओं का पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री शक्तिपीठ मंदिर समिति की ओर से मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार का भव्य सम्मान किया गया। शक्तिपीठ के वरिष्ठ सदस्यों विजय कृष्ण खेमानी, दीपक दुधानी, नरेश गोयल, उमंग पोद्दार और सुरेश अग्रवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र तथा माता गायत्री की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
नवरात्र के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।
कन्या पूजन के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति की धार्मिक परंपराओं का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने नवरात्र के आध्यात्मिक महत्व को और भी विशेष बना दिया।








