इस्पात नगरी बर्नपुर में बेहतरीन दुर्गापूजा का आयोजन करने वाली पूजा कमेटियों में से एक मस्जिद रोड स्थित नेताजी स्पोर्टिंग क्लब द्वारा इस वर्ष भी थीम आधारित दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। क्लब द्वारा 54वें वर्ष आयोजित किए जा रहे दुर्गापूजा का थीम इच्छे डाना (इच्छाओं का पंख) थीम पर आधारित है। खूंटी पूजा होने के बाद से पूजा पंडाल का निर्माण जोरो से किया जा रहा है। क्लब के दुर्गापूजा कमेटी के कन्वेनर अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष इच्छे डाना थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पंडाल एवं प्रतिमा का निर्माण इको फ्रेंडली सामग्रियों से किया जा रहा है। पूजा पंडाल स्थानीय मां सरस्वती आर्ट टप्पा घोष, मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण तुषार दास एवं विद्युत सज्जा शेखर कर्मकार कर रहे हैं। इस वर्ष पूजा का बजट 7 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर चतुर्थी की शाम पूजा पंडाल का उद्घाटन होगा। साथ ही कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।










