कुल्टी में ‘काल बैसाखी’ का दस्तक:
झमाझम बारिश से थमा पारा, भीषण गर्मी से मिली बड़ी राहत
कुल्टी: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज़ हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने चिलचिलाती धूप से बेहाल लोगों को सुकून पहुँचाया।

पारे में भारी गिरावट
पिछले कुछ दिनों से कुल्टी और आसपास के इलाकों में पारा 40°C के पार बना हुआ था, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त था। मौसम विभाग के अनुसार, आज की बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए यह प्री-मानसून गतिविधि किसी वरदान से कम नहीं रही।
50-60 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
दक्षिण बंगाल में आए इस ‘काल बैसाखी’ के प्रभाव से कुल्टी सहित आसपास के क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और तेज़ हवाएं चलीं। हालांकि, आंधी के कारण कुछ जगहों पर पेड़ की टहनियां गिरने की भी सूचना है, लेकिन बारिश ने वातावरण को पूरी तरह ठंडा कर दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। विभाग ने 30 अप्रैल को भी क्षेत्र में भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।










