युवा शक्ति को खेलों से जोड़ने का आह्वान, बुधा जिम्नेजियम के सम्मान समारोह में पहुंचे विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी
खेलों को बताया स्वस्थ, अनुशासित और आत्मनिर्भर समाज की नींव; खिलाड़ियों व आयोजकों की पहल की सराहना
आसनसोल, आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने बुधवार को बुधा जिम्नेजियम द्वारा आयोजित खिलाड़ियों एवं विशिष्ट अतिथियों के सम्मान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए खेलकूद और नियमित शारीरिक व्यायाम का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
उन्होंने बुधा जिम्नेजियम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने कार्यक्रम के आयोजकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।










