आद्रा, 26 जनवरी 2025:
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 76वें गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह आज दिनांक 26 जनवरी 2025 को SERSA स्टेडियम, आद्रा में आयोजित किया गया।
इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री सुमित नरूला उपस्थित थे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती मालविका नरूला, अध्यक्षा/SERWWO/आद्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) श्री खगेन्द्र नाथ घोष, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी, मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, SER MHSS विद्यालय के विद्यार्थी, प्रेस और मीडिया प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिकगण शामिल हुए।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसे मंडल रेल प्रबंधक श्री सुमित नरूला ने फहराया। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने आद्रा मंडल की वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मंडल को सुरक्षा, माल परिवहन, यात्री सेवाओं और परिचालन दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न शील्ड और पुरस्कार प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक ने आद्रा मंडल के भविष्य के उद्देश्यो, योजनाओं एवं चुनौतीयों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मंडल यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने और रेल संचालन को सुरक्षित एवं समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अपने सम्बोधन मे मंडल मे चल रहे विकास कार्यो जैसे:- ट्रैक नवीनीकरण, बेहतर ट्रेन सेवाएं, यात्री सुविधाओं में सुधार, और कर्मचारियों के कल्याण हेतु नए आवासीय इकाइयों के निर्माण तथा मौजूदा इकाइयों के नवीनीकरण आदि संबंधित जानकारी दी।
मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी बताया कि आद्रा मंडल बाल तस्करी रोकने के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में मंडल ने कई बच्चों को तस्करी के मामलों में बचाकर उनके परिवारों और बाल कल्याण केंद्रों तक पहुँचाने में सराहनीय योगदान दिया है। यह मंडल की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस समारोह का मुख्य आकर्षण आद्रा मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई झांकियां थीं, जिनमें वाणिज्य, अभियांत्रिकी, यांत्रिक, चिकित्सा, विद्युत (सामान्य और TRD) विभागों ने अपने कार्य और उपलब्धियों को सुंदर कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इसके अतिरिक्त, SER MHSS (कैंपस-1) विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को यादगार बनाया।
(जारीकर्ता)
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय,
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल