दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 27.10.2025
दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। उत्सव के इस विशेष अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए देशभर में कुल 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जबकि गत वर्ष के त्योहारी सीज़न में लगभग 7,724 विशेष ट्रेनें संचालित की गई थीं।
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल से होकर लगभग 36 पूजा स्पेशल ट्रेनें विभिन्न दिशाओं में संचालित की जा रही हैं, जो मंडल के बोकारो, पुरुलिया, चांडील, बांकुड़ा, बाराभूम, आद्रा, जयचंडी पहाड़ एवं बिष्णुपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
इसी क्रम में आज दिनांक 27.10.2025 को भी अनेक पूजा स्पेशल ट्रेनें आद्रा मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिनमें प्रमुख रूप से —
धनबाद–भुवनेश्वर–धनबाद,
चारलापल्ली–रक्सौल,
पटना–चारलापल्ली,
धनबाद–कोयंबटूर,
आरा–रांची,
कामाख्या–रांची के बीच चलने वाली त्यौहार विशेष ट्रेनें बोकारो स्टेशन से होकर गुजरेंगी।
इसके अतिरिक्त, संतरागाछी–अजमेर पूजा स्पेशल ट्रेन पुरुलिया स्टेशन से होकर संचालित होगी।
यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्टेशन परिसरों में हेल्प डेस्क एवं सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण एवं टिकट जांच की सुचारु व्यवस्था के लिए अतिरिक्त टीटीई स्टाफ की तैनाती की गई है। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा हेतु आरपीएफ/जीआरपी की विशेष तैनाती एवं बैरिकेडिंग व्यवस्था भी की गई है।
स्टेशन परिसरों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख स्टेशनों पर छठ पर्व के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को उत्सवमय वातावरण का अनुभव हो सके।
इन सभी गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग मंडल स्तर पर 24×7 वॉर रूम के माध्यम से की जा रही है। रेल मदद, ट्विटर एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी सतत रूप से निगरानी कर रहे हैं।










