मोदी की आसनसोल रैली में जेबकतरों का आतंक, एक पकड़ाया—दो महिला साथी फरार
बंटी खान आसनसोल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भारी भीड़ के बीच जेबकतरों ने जमकर हाथ साफ किया। भीड़ का फायदा उठाते हुए पाकेटमारों ने दर्जनों लोगों के मोबाइल, पर्स और नकदी उड़ा लिए, जिससे सभा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों ने आरोप लगाया कि उनके बैग और पैंट की जेब ब्लेड से काटकर मोबाइल व पैसे चोरी कर लिए गए। घटना के बाद पीड़ितों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से शिकायत की।
सभा समाप्त होने के दौरान सतर्क लोगों ने तीन संदिग्ध जेबकतरों को पकड़ लिया। हालांकि, भीड़ का फायदा उठाकर दो महिला पॉकेटमार मौके से फरार हो गईं, जबकि एक पुरुष आरोपी को लोगों ने पकड़कर हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार महिला साथियों की तलाश की जा रही है। वहीं, लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कमी साफ नजर आई, जिसका फायदा उठाकर जेबकतरों ने वारदात को अंजाम दिया।








