सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई रवींद्र जयंती
बांकुड़ा: सोनामुखी स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में शनिवार को विश्व कवि रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कविगुरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने टैगोर के सुप्रसिद्ध गीत ‘आनंदोलोके मोङ्गलोलोके’ के गायन से वातावरण को भक्तिमय कर दिया। छात्रों ने उनकी प्रसिद्ध कविता का पाठ किया और एक शानदार नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
विद्यालय के निदेशक रंजीत सिंह ने टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी कालजयी रचना ‘गीतांजलि’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें टैगोर के जीवन से सीख लेकर कर्मठ बनना चाहिए। वहीं, प्रधानाचार्य जयंतो भट्टाचार्य ने रवींद्रनाथ टैगोर के बहुआयामी व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि वे न केवल एक महान कवि थे, बल्कि एक कुशल समाज सुधारक, नाटककार और उपन्यासकार भी थे, जिनका योगदान अतुलनीय है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक मोहम्मद अजहर, अतनु सिंह देब, चंद्रिमा गोराय, सुमन दत्ता, रोहित सेनापति, सौरव कालिंदी, सुष्मिता बीट, प्रियंका रॉय, कोयल दे और सीमा भुइँ ने सक्रिय भूमिका निभाई।










