1989 से थामे हैं बीजेपी का झंडा: मुस्लिम नेता अबरार अहमद ने समाज को दिया ‘दावत-ए-आम’, कहा- मेरी जिंदगी की सबसे से बड़ी है आज की खुशी’
कुल्टी : पश्चिम बंगाल के कुल्टी विधानसभा अंतर्गत नियामतपुर के वरिष्ठ नेता अबरार अहमद आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। साल 1989 से भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े इब्बर अहमद उस दौर से पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जब पूरे देश में भाजपा के पास महज 2 लोकसभा सीटें हुआ करती थीं।
राज्य में भाजपा की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद इब्बर अहमद ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुस्लिम समाज के लिए एक बड़ा संदेश दिया है।
“ईद और दुर्गा पूजा से भी बढ़कर है आज का दिन”
नियामतपुर के एकमात्र मुस्लिम भाजपा चेहरा अबरार अहमद ने कहा कि आज का दिन उनके लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैं 1989 से पार्टी का झंडा कंधे पर लेकर चल रहा हूँ। आज राज्य में भाजपा की सरकार बनते देख मुझे जो खुशी हो रही है, वह दुर्गा पूजा और ईद के जश्न से भी कहीं ज्यादा है।”
समाज में भाजपा को लेकर फैली भ्रांतियों पर प्रहार करते हुए इब्बर अहमद ने मुस्लिम समाज को पार्टी से जुड़ने का खुला निमंत्रण दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा में किसी भी स्तर पर भेदभाव नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, “अगर इस दल में नफरत होती, तो मैं इतने दशकों तक यहाँ टिक नहीं पाता। जो लोग नफरत की बात करते हैं, वे गलत हैं। भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलती है और आने वाली सरकार भी बिना किसी भेदभाव के सबको साथ लेकर काम करेगी।”
अबरार अहमद का राजनीतिक जीवन उन लोगों के लिए एक मिसाल है जो यह मानते हैं कि विचारधारा धर्म से ऊपर होती है। विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी के प्रति उनकी वफादारी आज रंग लाई है, जिससे कुल्टी और आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।










