अवैध बालू ढुलाई पर पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त
पुरुलिया। बंदोवन पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए बालू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। यह कार्रवाई शनिवार की शाम करीब 06:30 बजे जोरबाईड गांव के पास की गई।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बंदोवन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोरबाईड गांव के पास नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका, जो बालू से लदा हुआ था।जांच के दौरान जब पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से बालू परिवहन से जुड़े वैध कागजात और परमिट मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से नियमों का उल्लंघन कर अवैध तरीके से किया जा रहा बालू का परिवहन पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।पुलिस ने इस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बंदोवन के बीएल एंड एलआरओ (भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी) को सूचित कर दिया है ताकि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के नियमों के तहत उचित कदम उठाए जा सकें। पुलिस क्षेत्र में इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार निगरानी रख रही है।











