सालानपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पत्थर खदान संचालन के आरोप में 4 गिरफ्तार, 1 फरार
सालानपुर: राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन की नजरों से बचकर बिना सरकारी अनुमति के चल रही अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सालानपुर थाना के रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने सालानपुर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में अचानक छापेमारी की। इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह, विषम राय, मधुसूदन मंडल और राकेश कुमार सिंह उर्फ योगिंदर सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी सालानपुर ब्लॉक के निवासी बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि इस मामले का एक अन्य प्रमुख आरोपी मिहिर घोष अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
कई क्षेत्रों में चल रही थीं अवैध खदानें
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के जामतपुर-उत्तरामपुर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध पत्थर खदानें संचालित होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि बिना किसी सरकारी अनुमति और नियमों का पालन किए इन खदानों का संचालन किया जा रहा था।
इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे।
7 दिन की पुलिस हिरासत की मांग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की गहराई से जांच करने और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए गिरफ्तार आरोपियों को 7 दिन की पुलिस हिरासत में लेने की मांग अदालत में की जाएगी।
सूत्रों का यह भी कहना है कि इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पूरे प्रकरण की जांच जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।










